
दिनदहाड़े ड्रामा: रंगदारी भी सस्ती, हथियार भी नकली!
दरभंगा: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब दिनदहाड़े छोटे कारोबारियों से भी रंगदारी मांगी जा रही है। गुरुवार को बहादुरपुर थाना क्षेत्र के लहेरियासराय रैक प्वाइंट के पास रंगदारी न देने पर अपराधियों ने एक सैलून संचालक पर नकली पिस्टल से हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने ₹200 की रंगदारी मांगी थी। इनकार किए जाने पर संचालक के सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया। इसी दौरान पिस्टल के नकली होने का खुलासा हुआ, जिसके बाद आसपास जुटे लोगों ने हंगामा मचाया।

घबराए अपराधी नकली पिस्टल वहीं फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल संचालक को बहादुरपुर PHC में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।सूचना मिलते ही बहादुरपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नकली हथियार जब्त कर लिया।

मुख्य आरोपी की पहचान कुंदन पासवान के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।स्थानीय लोग कह रहे हैं कि अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। “कल असली गोली से व्यापारी की हत्या, और आज नकली पिस्टल से सैलून संचालक पर हमला” – इस तरह लगातार हो रही वारदातों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


