Home Featured दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, फरार कोचिंग संचालक के घर चिपकाया गया इश्तिहार।
Featured - क्राइम - मुख्य - December 11, 2025

दुष्कर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, फरार कोचिंग संचालक के घर चिपकाया गया इश्तिहार।

दरभंगा: महिला थाना कांड संख्या 169/25 में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म के संगीन मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फेकला थाना क्षेत्र के बेदीपट्टी निवासी नारायण दास के पुत्र राजा उर्फ़ अविनाश दास पर दुष्कर्म का आरोप है। फरार चल रहा था, जिस पर कार्रवाई करते हुए फेकला थाना पुलिस ने गुरुवार को विधिवत उसके घर पर इश्तिहार चिपकाया है।

पुलिस की यह कार्रवाई इस ओर संकेत करती है कि आरोपी की गिरफ्तारी अब किसी भी वक्त हो सकती है। जानकारी के अनुसार, राजा उर्फ़ अविनाश दास फेकला थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान का संचालक है। उस पर अपनी ही नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के बावजूद आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर था। इस बीच, पीड़ित परिवार ने आरोपी पर समझौते का दबाव बनाने, धमकाने और मानसिक रूप से परेशान करने की शिकायत की थी।

Advertisement

इस पर पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसपी दरभंगा जगन्नाथ रेड्डी जलरेड्डी ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित थाना प्रभारी को दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि — “पीड़ित परिवार की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की धमकी या दबाव की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

इस घटनाक्रम पर पीटीसीए (प्राइवेट टीचर्स एंड कोचिंग एसोसिएशन) बिहार के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश चौधरी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा यह घटना पूरे शिक्षण समुदाय की छवि पर प्रश्नचिह्न लगाती है। बहुत जल्द पीटीसीए बिहार की ओर से सभी कोचिंग संस्थानों को आदेश जारी किया जाएगा, जिसमें कैंपस, क्लासरूम और कार्यालय में निगरानी कैमरा (CCTV) लगाना अनिवार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षण केंद्रों में पारदर्शिता बढ़ाना और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

अब देखना यह है कि इश्तिहार चिपकने के बाद पुलिस कब आरोपी को गिरफ्तार कर पाती है, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और समाज में संदेश जाए कि अपराध चाहे किसी भी रूप में हो, बख्शा नहीं जाएगा।

Share