
देकुली गांव में रास्ता विवाद बना खूनी संघर्ष, पंचायत के दौरान चाकूबाजी से युवक गंभीर।
दरभंगा: बिरौल थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर पुलिस केंद्र अंतर्गत देकुली गांव में रविवार को रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुई पंचायत के दौरान खूनी संघर्ष हो गया। पंचायत में मौजूद लोगों के सामने ही दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक पक्ष के सुमरित शर्मा के आंख में चाकू मार दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद रविवार (20 जुलाई 2025) को रास्ते को लेकर शुरू हुआ था, जब दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी। इस घटना को लेकर सोमवार को देकुली-जगन्नाथपुर ग्राम पंचायत के मुखिया, सरपंच और समाज के कई गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में पंचायती हो रही थी।

पंचायती के दौरान ही स्थिति अचानक बिगड़ गई और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। मारपीट की इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जिनमें सबसे गंभीर रूप से घायल सुमरित शर्मा को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत 112 डायल पुलिस सेवा को दी गई थी, लेकिन रात 9 बजे तक भी पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है और पीड़ित परिवार दहशत में है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घायल के परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा और त्वरित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय मुखिया व सरपंच ने भी जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर मामले को गंभीरता से लेने की अपील की है।

