
देसी कट्टा व ऑनलाइन फ्रॉड के सामान के साथ युवक गिरफ्तार।
दरभंगा: घनश्यामपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर मुंगरा गांव में छापेमारी कर अवैध हथियार रखने वाले ऑनलाइन फ्रॉड करने वाले युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी गोविंद मुखिया के पुत्र श्रीकांत मुखिया के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, चार एटीएम कार्ड, पांच सिम कार्ड, दो बैंक पासबुक, चार चेकबुक, दो लैपटॉप व दो मोबाइल बरामद किए गए। पासबुक व चेकबुक कर्नाटक के बैंकों से जुड़े हैं।

थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर में अवैध हथियार रखकर ऑनलाइन ठगी का धंधा चला रहा था। सूचना सत्यापन के बाद मुखिया के घर पर दबिश दी गई, जहां बक्से से हथियार बरामद हुए। जांच में पता चला कि भोपाल का एक सरगना ड्रीम11 जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए ठगी का नेटवर्क चला रहा था। गेम में पैसे लगाने वालों के खातों से अवैध ट्रांसफर होता था।

एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने कहा कि प्राथमिक एफआईआर दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। सभी डिजिटल डाटा साइबर टीम को सौंप दिया गया। पूछताछ में आरोपी के संपर्कों, नेटवर्क व अन्य अपराधों की गहन जांच जारी है। अन्य संलिप्तों की गिरफ्तारी तय है।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि साइबर ठगी व अवैध हथियार रखने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।


