
धनकौल बनौली में हथौड़ा से हमला: बुजुर्ग की मौत, पत्नी गंभीर।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के धनकौल बनौली गांव में मंगलवार की रात एक मानसिक रूप से बीमार युवक ने सोए हुए बुजुर्ग दंपती पर हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में 65 वर्षीय राम लक्ष्मण सहनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी 60 वर्षीय सुनैना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें डीएमसीएच में प्राथमिक उपचार के बाद पटना पीएमसीएच रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के संबंध में मृतक के पोते शिवम कुमार ने बताया कि गांव के ही युवक कौशल कुमार (पिता- राजकुमार सहनी) ने घर में घुसकर पहले दादा पर आंख, सिर और शरीर पर वार किया। बचाने आई दादी पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी उनके घर से मात्र 50 मीटर दूर रहता है और पहले कभी कोई विवाद नहीं था। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है, लेकिन परिवार ने कभी इलाज नहीं कराया। वारदात के बाद आरोपी का पूरा परिवार घर में ताला लगाकर फरार हो गया।

मृतक के भाई राम रतन सहनी ने बताया कि भैया-भाभी खेत में बने घर में रहते थे, जो मुख्य घर से करीब आधा किलोमीटर दूर मंदिर के पास है। सोते समय यह घटना हुई। आरोपी की मानसिक स्थिति खराब थी, लेकिन उसके माता-पिता इलाज के लिए रांची नहीं भेजते थे।

वारदात के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। मृतक के परिजन आरोपी और उसके पूरे परिवार को उम्रकैद की सजा देने की मांग कर रहे हैं।

सिमरी प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। आरोपी कौशल कुमार को चौड़ के रास्ते फरार होते समय खदेड़ कर पकड़ा गया। उसे मेडिकल जांच के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी लाया गया है। परिजनों की ओर से थाने में आवेदन दिया गया है।

