
नवरात्र पर निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारी, पूजा समितियों को अस्थायी कनेक्शन लेने का निर्देश।
दरभंगा: शारदीय नवरात्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। पूजा समितियां जहां पंडाल और प्रतिमाओं के निर्माण में जुटी हैं, वहीं बिजली विभाग ने भी निर्बाध आपूर्ति और सुरक्षा के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है। गंगवार पावर सब स्टेशन के एसडीओ चिंटू पांडेय ने बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर सभी लोहे के पोलों को सात फीट की ऊंचाई तक प्लास्टिक कवर से ढका जाएगा और सभी ट्रांसफार्मरों की मरम्मत व जांच की जा रही है।

बिजली विभाग ने पूजा समितियों को चेतावनी दी है कि पंडालों में बिजली उपयोग के लिए अस्थायी कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा। बिना कनेक्शन बिजली का उपयोग करने पर समिति के खिलाफ बिजली चोरी का केस दर्ज किया जाएगा। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंडाल का निर्माण हाई वोल्टेज तार से कम से कम तीन मीटर नीचे ही किया जाए, पंडालों में अलग से फ्यूज ब्रेकर लगाया जाए, केवल उच्च गुणवत्ता वाले कवर तारों का ही इस्तेमाल हो और तारों के सभी जोड़ों पर सुरक्षित ढंग से टेपिंग की जाए।

एसडीओ ने कहा कि नवरात्र के समय भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में बिजली व्यवस्था को लेकर कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी और पूजा समितियों को हर हाल में सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।


