
नवादा दुर्गा मंदिर में शादी रुकवाकर असामाजिक तत्वों ने मचाया उत्पात, कई घायल।
दरभंगा: बेनीपुर प्रखंड के नवादा स्थित सिद्ध पीठ हैयहठ देवी मंदिर प्रांगण में बुधवार की देर शाम एक विवाह समारोह के दौरान उपद्रव मच गया। असामाजिक तत्वों ने वर-वधू पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर शादी की रस्मों में विघ्न डाल दिया।

अचानक हुई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया और दोनों पक्ष को अपनी जान बचाकर वहां से भागना पड़ा।जानकारी के अनुसार, दरभंगा के अशोक प्रसाद साह के पुत्र सुभाष कुमार और देवघर निवासी प्रेमलाल शाह की पुत्री के बीच विवाह तय हुआ था। बुधवार शाम दोनों पक्ष के लोग नवादा दुर्गा मंदिर पहुंचे थे जहां परंपरानुसार विवाह की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान एक युवक नशे की हालत में बुलेट मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और वर पक्ष से उलझ गया।

कुछ देर बाद उसने अपने साथियों को बुला लिया, जिन्होंने मंदिर परिसर में पहुंच कर मारपीट शुरू कर दी।मारपीट में वर पक्ष के रेणु देवी, चंदन कुमार साह और पप्पू कसेरा सहित कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। घायलों को बेनीपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस घटना के बाद नवादा दुर्गा मंदिर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ महीने पहले भी मंदिर में चोरी की बड़ी घटना हुई थी, जिसका अब तक उद्भेदन नहीं हो सका है। अब विवाह समारोह में इस तरह की शर्मनाक घटना ने मंदिर न्यास समिति और पुलिस प्रशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

