
नवोदय विद्यालय में छात्र की संदिग्ध मौत मामले की एसएसपी ने पांच घंटे तक की जांच।
दरभंगा: केवटी प्रखंड के पचाढ़ी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में आठवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध मौत मामले में मंगलवार को दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी ने स्थल पर पहुंचकर गहन जांच की। वे करीब पांच घंटे तक विद्यालय परिसर में मौजूद रहे और मामले के हर पहलू की पड़ताल की।

गौरतलब है कि 8 जुलाई को अरावली जूनियर बालक छात्रावास में 13 वर्षीय छात्र जतिन गौतम का शव पंखे से लटका मिला था। घटना के बाद से ही यह मामला संदेह के घेरे में है।

जांच के दौरान एसएसपी के साथ ग्रामीण एसपी आलोक, कमतौल एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन, इंस्पेक्टर सुरेश राम, रैयाम थानाध्यक्ष रौशन कुमार टू और फोरेंसिक टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने छात्रावास का मुआयना कर घटनास्थल को रीक्रिएट किया और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने विभिन्न कोणों से मामले की जांच की।

एसएसपी ने मृतक छात्र के पिता संतोष कुमार साह से लंबी बातचीत की। साथ ही, छात्रावास में रहने वाले सहपाठी छात्रों और कुछ छात्राओं से भी पूछताछ की गई। हालांकि, मीडिया के समक्ष जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।

इससे पूर्व इस मामले की जांच के लिए डीएम ने तीन सदस्यीय टीम का गठन किया था, जिसमें एडीएम अनिल कुमार, सीटी एसपी अशोक कुमार चौधरी और जिला शिक्षा पदाधिकारी के.एन. सदाय शामिल थे, लेकिन परिजनों ने उस जांच पर असंतोष जताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।
पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल की पूरी तरह से बारीकी से जांच की तथा मौके पर मौजूद बच्चों और विद्यालय स्टाफ से सवाल-जवाब किए। वहीं, एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने कहा कि अभी कुछ और लोगों से पूछताछ की जानी शेष है।
स्थानीय लोग और परिजन अब भी इस प्रकरण को लेकर अनेक सवाल पूछ रहे हैं और निष्पक्ष तथा पारदर्शी जांच की उम्मीद जता रहे हैं।

