
नवोदय विद्यालय में हुए छात्र की मौत को लेकर पूर्व विधायक फराज फातमी ने निकला आक्रोश मार्च।
दरभंगा: जवाहर नवोदय विद्यालय पचाढी दरभंगा के छात्रावास में केवटी पंचायत की मुखिया रूबी कुमारी के बेटे जतिन गौतम (13) की मौत हुई थी। मामले ने तूल पकड़ लिया है। शनिवार को इंडिया गठबंधन के करीब 100 कार्यकर्ताओं ने परिमाण चौक से प्रखंड मुख्यालय तक पैदल मार्च निकाला और नारेबाजी की। बाद में प्रखंड मुख्यालय में बैठक हुई।

बैठक में पूर्व विधायक डॉ. फराज फातमी, कांग्रेस के नारायण झा, राजद के रामदेव पासवान, सीपीएम के रामचंद्र साहू,सीपीआई के ललित मिश्रा, राजद के शत्रुघ्न कुमार यादव उर्फ पन्ना जी शामिल हुए। सभी ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। दोषियों को सजा दिलाने की आवाज उठाई।

बैठक के बाद नेताओं ने बीडीओ और सीओ को अलग-अलग मांग पत्र सौंपे। मांग पत्र में पटना हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर जांच कराने की मांग की गई। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हत्या है या आत्महत्या।

दूसरी मांग जतिन के दादा बद्री नारायण साहू की ओर से रैयाम थाना को सौंपे गए आवेदन पर कार्रवाई की है। रैयाम थाना कांड संख्या 47/25 और 48/25 में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई।
केवटी के पूर्व विधायक डॉक्टर फराज फातमी ने कहा कि महागठबंधन की ओर से जन आक्रोश मार्च दडिमा चौक से प्रखंड मुख्यालय तक निकाला गया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले एक छात्र की लाश हॉस्टल में फंदे से लटकी मिली थी। वह छात्र केवटी मुख्यालय पंचायत की मुखिया का बेटा था। यह मामला जांच का विषय है।
फातमी ने कहा कि दादा ने थाने में आवेदन दिया, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। पुलिस को यह करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने झूठा केस दर्ज कर 1500 लोगों पर मामला कर दिया। इसे वापस लेना चाहिए।

फातमी ने कहा कि यहां के वर्तमान विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठने की बात कह रहे हैं, यह अफसोसजनक है। बिहार में कानून व्यवस्था खत्म हो चुकी है। मुख्यमंत्री अचेतावस्था में हैं, सरकार कोई और चला रहा है।
उन्होंने कहा कि एक बड़े पुलिस अफसर ने बयान दिया कि जून में ज्यादा हत्याएं होती हैं, क्योंकि किसान उस समय खेतों में नहीं होते। यह बयान किसानों को बदनाम करने वाला है। उन्होंने कहा कि अफसर ने महीनों का कैलेंडर बना दिया है कि कब हत्या होगी, कब रेप होगा।
फातमी ने पारस हॉस्पिटल में हुए गोलीकांड का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में भी जो लोग महागठबंधन के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए, उन्हें धन्यवाद। प्रशासन को बताना चाहिए कि अब तक किस पर कार्रवाई हुई। घटना के बाद सिर्फ प्रिंसिपल का ट्रांसफर किया गया, पिता पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि प्रशासन और विद्यालय प्रशासन दोनों की मिलीभगत दिखती है।
फातमी ने कहा कि अगर परिवार को न्याय नहीं मिला तो सड़क हो या सदन, हम मुद्दा उठाते रहेंगे। आज सड़क पर उतरे हैं, न्याय लेकर ही लौटेंगे।
इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से साफ कहा कि मांग पत्र में लिखी मांगें शीघ्र पूरी नहीं हुईं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में सुवंश यादव, शत्रुघन कुमार यादव पन्ना, धर्मेश यादव,जगदीर यादव, बदरे आलम, समीर दयाल दीपक, लखिचंद्र यादव,बदरूल नदाफ, रवि यादव, अशोक पासवान, शाहबाज आलम, प्रदीप कुमार, पंकज समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

