
नामांकन पर विवाद, प्लूरल्स पार्टी ने वीआईपी प्रत्याशी के खिलाफ शिकायत दर्ज की
दरभंगा: दरभंगा नगर विधानसभा क्षेत्र में नामांकन प्रक्रिया को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। द प्लूरल्स पार्टी के महासचिव अनुपम कुमार सुमन ने विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रत्याशी उमेश सहनी के नामांकन पत्र पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने जिला निर्वाचन पदाधिकारी और राज्य निर्वाचन अधिकारी को आधिकारिक शिकायत भेजी है, जिसमें एफिडेविट में पार्टी नाम की गलत जानकारी का आरोप लगाया गया है।
अनुपम सुमन का दावा है कि उमेश सहनी द्वारा दाखिल एफिडेविट में पार्टी का नाम भारतीय निर्वाचन आयोग के रिकॉर्ड से मेल नहीं खाता। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत एफिडेविट में पार्टी का नाम गलत स्पेलिंग के साथ लिखा गया है। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध दस्तावेजों की जांच से स्पष्ट होता है कि उमेश सहनी द्वारा उल्लिखित नाम से कोई राजनीतिक दल पंजीकृत नहीं है। यह गलत सूचना देने का मामला है, जबकि एफिडेविट में उम्मीदवार ने सभी जानकारियों को सत्य घोषित किया है।

द प्लूरल्स पार्टी के महासचिव ने बताया कि उन्होंने दरभंगा के रिटर्निंग ऑफिसर से मुलाकात की, लेकिन शिकायत को स्वीकार करने से इंकार कर दिया गया। रिटर्निंग ऑफिसर ने उमेश सहनी के वकील के हवाले से इसे ‘टाइपिंग मिस्टेक’ करार दिया। इस पर अनुपम सुमन ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि यह टाइपिंग त्रुटि है, तो इसका लाभ उम्मीदवार को नहीं मिलना चाहिए। कानून में ऐसी ‘सहानुभूति’ की कोई गुंजाइश नहीं है, जबकि कई प्रत्याशियों के नामांकन छोटी तकनीकी कमियों के कारण रद्द हो चुके हैं।
यहां अलग मानदंड क्यों अपनाए जा रहे हैं?अनुपम सुमन ने चेतावनी दी कि यदि इस गलती को अनदेखा किया गया, तो यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ अन्याय होगा। उन्होंने कहा, “हमारी पार्टी भी पंजीकृत राजनीतिक दल है और हमने दरभंगा नगर से अपना प्रत्याशी उतारा है। वीआईपी उम्मीदवार को ऐसी त्रुटि के बावजूद चुनाव लड़ने की अनुमति देना अन्य प्रत्याशियों के अधिकारों का हनन होगा।”प्लूरल्स पार्टी ने मांग की है कि उमेश सहनी का नामांकन तत्काल रद्द किया जाए और यदि वे चुनाव लड़ना चाहें, तो उन्हें निर्दलीय प्रत्याशी घोषित किया जाए।

यदि जिला स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग करेगी।स्थानीय राजनीतिक हलकों में इस शिकायत ने हलचल मचा दी है। दरभंगा नगर सीट से वीआईपी प्रत्याशी उमेश सहनी को वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी का करीबी माना जाता है। अब निर्वाचन आयोग का फैसला सभी की नजरों में होगा।


