
निजी क्लीनिक में ऑपरेशन के दौरान गर्भवती महिला की मौत।
दरभंगा: बहेड़ी बाजार के मनोकामना मंदिर के पास स्थित एक निजी क्लीनिक में बुधवार को एक गर्भवती महिला की सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के मनौर भौराम गांव निवासी सुनील मांझी की पत्नी मनीषा देवी के रूप में हुई। सूत्रों के अनुसार, मनीषा देवी को पहले बहेड़ी पीएचसी में भर्ती कराया गया था।

वहां उनकी हालत नाजुक बताई गई। इसके बाद आशा कार्यकर्ता सरस्वती देवी ने उन्हें निजी सूर्या क्लीनिक ले जाने की सलाह दी। ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद क्लीनिक के सभी कर्मचारी और डॉक्टर फरार हो गए। क्लीनिक का बोर्ड भी हटा लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीएचसी प्रभारी डॉ. बीडी महतो और थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉ. महतो ने बताया कि गलत ऑपरेशन से मौत हुई होगी। थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा जाएगा।


