Home Featured नेपाल से पानी छोड़ने से अधवारा-बागमती में बाढ़, लाखों की फसल बर्बाद।
Featured - मुख्य - October 12, 2025

नेपाल से पानी छोड़ने से अधवारा-बागमती में बाढ़, लाखों की फसल बर्बाद।

दरभंगा: नेपाल से अचानक छोड़े गए पानी के कारण हनुमान नगर प्रखंड में अधवारा समूह और बागमती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इससे प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, खासकर बागमती नदी के किनारे बसे सिंघवार पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में पानी भर गया है।

Advertisement

किसानों की लाखों रुपये की सब्जी और धान की फसलें जलमग्न हो गईं। प्रभावित किसानों ने बताया कि उन्होंने समूह लोन लेकर बैंगन, खीरा व अन्य फसलें लगाई थीं, लेकिन बाढ़ के पानी ने उनके खेतों को पूरी तरह डुबो दिया। इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

Advertisement

किसान दिनेश्वर कहार ने दर्द बयां करते हुए कहा, “खेती के लिए कर्ज लिया था और काफी मेहनत की थी। अब हमारी पूरी फसल पानी में डूब गई। प्रशासन से मांग है कि फसल क्षति का तुरंत सर्वे कर मुआवजा दिया जाए।”

Advertisement

वहीं, रिक्शा चालक उमेश कहार ने बताया कि गांव की मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। स्कूल, बाजार और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना कठिन हो गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। यदि पानी का बहाव इसी गति से जारी रहा, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Advertisement

ग्रामीणों और प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि जलमग्न क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर फसल नुकसान का आंकलन किया जाए तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही, नदी किनारे बसे लोगों के लिए सुरक्षा और राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

Share