
पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का डीएम ने किया निरीक्षण।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को असमा, कुशेश्वरस्थान, धबोलिया बाईपास पथ एवं पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे निर्माण हेतु अधिग्रहित की गई भूमि का भौतिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कुशेश्वरस्थान एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि रैयतों को शीघ्र दखलकार उपलब्ध कराएं। वहीं, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को भू-अर्जन की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही, एनएचएआई मुजफ्फरपुर को पटना-पूर्णिया एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए 3ए की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का आदेश दिया गया।

डीएम ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से दरभंगा समेत पूरे क्षेत्र के लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। अल्प समय व अल्प ईंधन खर्च में लोग अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकेंगे।

निरीक्षण के अवसर पर जिला भू-अर्जन पदाधिकारी बालेश्वर प्रसाद, एसडीओ बिरौल, भूमि सुधार उपसमाहर्ता बिरौल, कार्यपालक अभियंता पथ निर्माण विभाग बेनीपुर प्रमंडल, अंचलाधिकारी कुशेश्वरस्थान, कुशेश्वरस्थान पूर्वी तथा एनएचएआई मुजफ्फरपुर प्रोजेक्ट डायरेक्टर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

