Home Featured पढ़ाई को लेकर विवाद के बाद घर से निकली छात्रा का नदी में मिला शव।
Featured - क्राइम - विशेष - December 31, 2025

पढ़ाई को लेकर विवाद के बाद घर से निकली छात्रा का नदी में मिला शव।

दरभंगा:  नगर थाना क्षेत्र से 26 दिसंबर को लापता हुई 16 वर्षीय छात्रा का शव छठे दिन बुधवार को बागमती नदी से बरामद किया गया। मृतका की पहचान रनोपट्टी दरगाह, वार्ड नंबर-9 निवासी अर्जुन साह की पुत्री राजनंदनी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

परिजनों के अनुसार राजनंदनी 26 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे बिना बताए घर से निकल गई थी। बताया गया कि पढ़ाई-लिखाई को लेकर घर में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से चली गई। एक से डेढ़ घंटे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की और 27 दिसंबर को नगर थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।

आवेदन मिलने के बाद पुलिस ने छात्रा की तलाश तेज की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में राजनंदनी को बाजार समिति क्षेत्र और बाद में कल्पना सिनेमा के पास देखा गया, लेकिन इसके बाद उसका कोई स्पष्ट मूवमेंट सामने नहीं आया। पुलिस के अनुसार 28 दिसंबर को भी वह एक सीसीटीवी में नजर आई थी, पर आगे की कड़ी नहीं मिल सकी।

बुधवार को मुरली मनोहर घाट के रास्ते बागमती नदी में बहते हुए एक किशोरी का शव बाजितपुर इलाके में बरामद हुआ। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पहचान कराई, जिसके बाद शव की पुष्टि राजनंदनी कुमारी के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से इलाके में अफरातफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव कुमार पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि युवती 26 दिसंबर से लापता थी और परिजनों के बयान के आधार पर गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद के बाद उठाए गए कदम से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने यह भी कहा कि परिजनों को यदि किसी अन्य बिंदु पर संदेह होगा, तो उसे भी जांच में शामिल किया जाएगा।

मृतका के पिता अर्जुन साह ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उनकी बेटी राजनंदनी राजेंद्र प्रसाद गर्ल्स हाई स्कूल, दरभंगा की 12वीं की छात्रा थी और इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा देने वाली थी। परिवार में दो बहन और एक भाई हैं, जिनमें राजनंदनी सबसे छोटी थी। परिजनों ने फिलहाल किसी पर सीधे तौर पर शक जाहिर नहीं किया है, लेकिन उन्होंने मांग की है कि यह स्पष्ट किया जाए कि छात्रा का शव नदी में कैसे पहुंचा और घटना के पीछे की सच्चाई क्या है।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Share