Home Featured पति की हत्या पर न्याय की गुहार, पीड़िता के साथ एसएसपी से मिलीं जदयू विधायक।

पति की हत्या पर न्याय की गुहार, पीड़िता के साथ एसएसपी से मिलीं जदयू विधायक।

दरभंगा: दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में 5 अगस्त को हुई दिनदहाड़े हत्या के मामले में पीड़िता तन्नू प्रिया सोमवार को दरभंगा एसएसपी कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने एसएसपी जगुनाथ रेड्डी से मुलाकात कर अपने पति राहुल कुमार मंडल की हत्या में शामिल पिता प्रेमशंकर झा समेत सभी आरोपियों को फांसी देने की मांग की।

Advertisement

एसएसपी ने पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और सदर एसडीपीओ की मौजूदगी में उनका बयान दर्ज कराया। इस दौरान सुपौल जिले के पिपरा से जदयू विधायक रामबिलास कामत भी पीड़िता के साथ मौजूद रहे।

Advertisement

सहरसा निवासी तन्नू प्रिया दरभंगा डीएमसीएच में बीएससी नर्सिंग की छात्रा हैं। इसी कॉलेज में सुपौल के राहुल कुमार मंडल भी बीएससी नर्सिंग के छात्र थे। पढ़ाई के दौरान हुई दोस्ती प्रेम में बदली और अलग-अलग जातियों के बावजूद दोनों ने 5 मई को मंदिर में विवाह कर लिया। शादी से नाराज तन्नू के पिता प्रेमशंकर झा ने 5 अगस्त को डीएमसीएच परिसर में दामाद राहुल को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Advertisement

घटना के बाद मौजूद छात्रों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ से बचाकर उसे हिरासत में लिया। फिलहाल प्रेमशंकर झा का इलाज पटना में चल रहा है।

विधायक रामबिलास कामत ने इस घटना को समाज के लिए शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि यह जातीय अहंकार का नतीजा है।

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा कि पीड़िता प्रत्यक्षदर्शी हैं। उनका बयान दर्ज कर लिया गया है और एसडीपीओ को अनुसंधान त्वरित गति से पूरा करने का निर्देश दिया गया है। न्याय में किसी प्रकार की देरी नहीं होगी।

Advertisement

तन्नू प्रिया ने कहा कि उनके पति को तभी न्याय मिलेगा, जब पिता, भाई और सभी आरोपियों को फांसी की सजा दी जाएगी। उन्होंने पुलिस से स्पीडी ट्रायल की भी मांग की है।

Share