
पर्यवेक्षण गृह में कैदी की संदिग्ध मौत, चेहरे पर जख्म और चोट के निशान ने उठाये गंभीर सवाल!
दरभंगा: लहेरियासराय स्थित बाल पर्यवेक्षण गृह में शुक्रवार की देर शाम एक कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। कैदी के चेहरे पर जख्म और चोट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ रहे थे। हालांकि मौत का कारण उपेक्षा, हिंसा, बीमारी या दुर्घटना में से क्या था, फिलहाल इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है। परंतु इस घटना ने पर्यवेक्षण गृह में व्याप्त कुव्यवस्थाओं पर एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है।

मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के टेहटा गांव निवासी अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमरजीत को पेट दर्द की।शिकायत पर शाम करीब 7 बजे डीएमसीएच लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूत्रों के अनुसार गुरुवार की देर रात अमरजीत ने भागने का प्रयास किया था, जिसे सुरक्षाकर्मियों द्वारा खदेड़ कर पकड़ लिया गया था। इसके बाद अमरजीत की पिटाई बंदियों द्वारा कर दी गयी थी।

इधर अमरजीत की उम्र को लेकर भी एक बड़ा सवाल उठ रहा है। पर्यवेक्षण गृह में उसकी उम्र 18 दर्ज है। पर जन्मतिथि के अनुसार वह 20 वर्ष का था। ऐसे में उसे पर्यवेक्षण गृह में क्यों रखा गया था, यह भी जांच का विषय है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कम्प मच गया। बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार के डीएमसीएच पहुंचते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष दीपक कुमार भी दल बल के साथ पहुँचे और पूरे मामले की जांच में लग गए।

