
पीएचईडी कार्यालय से चोरी गई 784 जीआई पाइप की गुत्थी सुलझी, तीन गिरफ्तार, 284 पाइप बरामद।
दरभंगा: करीब नौ माह पूर्व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के बेनीपुर अवर प्रमंडल कार्यालय से चोरी गई 784 लोहे की जीआई पाइप के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार को बहेड़ा पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में कार्यालय में कार्यरत खलासी, चौकीदार तथा एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने शिवराम चौक स्थित बालाजी इंटरप्राइजेज नामक हार्डवेयर दुकान के गोदाम से 284 चोरी की गई पाइप बरामद कर ली है। मामले में गोदाम संचालक साधु साह फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

उल्लेखनीय है कि उक्त चोरी के मामले में तत्कालीन कनीय अभियंता योगेंद्र कुमार ने अल्लपट्टी (दरभंगा) निवासी खलासी गणेश पासवान एवं केवटी प्रखंड के दोमे गांव निवासी परिचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस मामले की जांच लंबे समय तक लंबित रही।

हाल ही में जब नए अनुसंधानकर्ता दीपक कुमार को मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई, तो जांच ने नया मोड़ लिया। जांच के क्रम में नामजद दोनों अभियुक्तों के साथ एक अन्य व्यक्ति, बहेड़ा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव निवासी राम पुकार यादव को गिरफ्तार किया गया। इनके बयान के आधार पर चोरी की गई पाइप बालाजी इंटरप्राइजेज के गोदाम से बरामद की गई।

थानाध्यक्ष हरिद्वार शर्मा ने बताया कि दुकान संचालक साधु साह की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है।

