Home Featured पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज।

पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज।

दरभंगा: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी के पंकज कुमार महतो की पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष और केस के अनुसंधानकर्ता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। न्यायालय के आदेश पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह एफआईआर एसआई पंकज कुमार रजक के आवेदन पर दर्ज हुई है। मामला 16 अगस्त 2020 को शोभन और कंसी के बीच हुई पिकअप लूट से जुड़ा है। गाड़ी मालिक गायघाट थानाक्षेत्र के पिरौछा निवासी सुरेश साह ने सिमरी थाना में कांड संख्या 167/20 दर्ज कराया था। केस का अनुसंधानकर्ता एएसआई मो शाहिद जावेद को बनाया गया। बताया गया कि लूटी गई गाड़ी में पिकअप चालक का मोबाइल था। उसी मोबाइल का उपयोग अप्राथमिक अभियुक्त कर रहा था। मोबाइल लोकेशन के आधार पर तत्कालीन सिमरी थानाध्यक्ष हरिकिशोर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम कुढ़नी पहुंची।

Advertisement

वहां की स्थानीय पुलिस की मदद से तीन युवकों को पकड़ा गया। पंकज कुमार महतो भी उनमें शामिल था। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद 25 अगस्त 2020 को तीनों युवकों को सिमरी पुलिस को सौंपा गया। तीनों की निशानदेही पर घटना कारित करने में प्रयोग हुई स्कोर्पियो बरामद कर ली गई। पुलिस अभिरक्षा में पंकज की तबीयत बिगड़ गई।

Advertisement

पहले उसे सिंहवाड़ा सीएचसी ले जाया गया। फिर डीएमसीएच और वहां से पीएमसीएच भेजा गया। इलाज के दौरान पुलिस अभिरक्षा में उसकी मौत हो गई। पंकज की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने कुढ़नी थाना पर शव के साथ प्रदर्शन किया था।

Share