
पुष्पम प्रिया ने खोला जनसंपर्क कार्यालय, बोलीं – दरभंगा के विकास का लिया संकल्प
दरभंगा: द प्लुरल्स पार्टी (दप्पा) की संस्थापक अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 4, 15, 36 और 46 में ‘पुष्पम प्रिया चौधरी जनसंपर्क कार्यालय’ का उद्घाटन किया। पार्टी का कहना है कि ऐसे कार्यालय दरभंगा विधानसभा के हर वार्ड और पंचायत में खोले जाएंगे, ताकि जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जा सके और उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।

पार्टी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि ये कार्यालय केवल चुनावी अवधि तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि स्थायी रूप से संचालित होंगे। सप्ताह में एक दिन स्वयं पुष्पम प्रिया चौधरी कार्यालय में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुनेंगी, जबकि बाकी दिनों में उनके प्रतिनिधि सुबह से शाम तक उपस्थित रहेंगे।

वार्ड संख्या 36 में आयोजित उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए पुष्पम प्रिया चौधरी ने कहा,
“मैं दरभंगा के आमूल-चूल विकास और जनता की रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान के लिए कृतसंकल्पित हूं। यह मेरी जन्मभूमि का मुझ पर कर्ज है, जिसे मैं चुका रही हूं।”

इस अवसर पर पार्टी के संयुक्त सचिव आदर्श कुमार चौधरी, शहबाज़, निशांत, राकेश कुशवाहा, वार्ड अध्यक्ष कुणाल, प्रभात, जिला अध्यक्ष विक्रम झा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। लोगों ने स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें ऐसे जनप्रतिनिधियों की आवश्यकता है, जो उनके बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।


