Home Featured पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा दरभंगा शहर से हो सकते हैं जनसुराज के उम्मीदवार, जल्द होगी आधिकारिक घोषणा।
Featured - मुख्य - विशेष - September 28, 2025

पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा दरभंगा शहर से हो सकते हैं जनसुराज के उम्मीदवार, जल्द होगी आधिकारिक घोषणा।

दरभंगा। अभिषेक कुमार

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर सभी दलों की तैयारियों का जायका बिगाड़ने की जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तैयारी पूरी कर ली है। नए रोज खुलासे के बाद उम्मीदवारों के भी चौकाने वाले नाम सामने आने लगे हैं। इसी कड़ी में दरभंगा शहरी विधानसभा से भी चौकाने वाला नाम सामने आया है।

दरअसल अवकाश प्राप्त आईपीएस बिहार होमगार्ड के पूर्व डीजी आरके मिश्रा का नाम जनसुराज के दरभंगा शहरी विधानसभा उम्मीदवार के रूप में चर्चा में आ चुका है। हालांकि इसकी अधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पर इसकी संभावना ने ही केवल सत्ताधारी दल खासकर भाजपा का तनाव बढ़ा दिया है। आरके मिश्रा दरभंगा में भी आईजी के पद पर रह चुके हैं। उनकी छवि कड़क और ईमानदार पदाधिकारी की रही है।

सूत्रों की माने तो मिथिला क्षेत्र पर प्रशांत किशोर की खास नजर है। इसलिए मिथिला के केंद्र माने जाने वाले दरभंगा में सबसे बेहतर उम्मीदवार देना चाहते हैं। ऐसे आरके मिश्रा के उम्मीदवार बनने से आसपास के क्षेत्रों में भी इसका प्रभाव पड़ेगा।

इस संबंध में वॉयस ऑफ दरभंगा ने पूर्व आईपीएस आरके मिश्रा से संपर्क किया तो उन्होंने खुलकर कुछ नहीं बोला, पर इस संभावना से इंकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि यदि सबकी सहमति होती है और पार्टी निर्णय लेती है तो वे पार्टी के निर्णय अनुसार कार्य करेंगे।

ऐसे में यदि आरके मिश्रा जनसुराज से उम्मीदवार बनते हैं तो इसबार दरभंगा का चुनाव पूरी तरह रोचक होने की उम्मीद जरूर है।

Share