Home Featured पूर्व विधायक हरिनंदन यादव का निधन,क्षेत्र में छाया मातम।
Featured - मुख्य - September 6, 2025

पूर्व विधायक हरिनंदन यादव का निधन,क्षेत्र में छाया मातम।

दरभंगा: राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हरिनंदन यादव का शनिवार की दोपहर पटना स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके अकस्मात निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले सहित हायाघाट और हनुमाननगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बिहार विधानसभा चुनाव से पूर्व यह घटना बहादुरपुर क्षेत्र में राजद की राजनीति के लिए गहरा आघात मानी जा रही है।

Advertisement

हनुमाननगर गांव (थाना-विशनपुर) निवासी हरदिलअज़ीज़ हरिनंदन यादव पहली बार 1995 में जनता दल के टिकट पर हायाघाट विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वर्ष 2005 से 2010 तक वे राष्ट्रीय जनता दल के विधायक रहे। अपने कार्यकाल में उन्होंने हायाघाट से अलग कर हनुमाननगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय की स्थापना कराई। साथ ही हनुमाननगर चौक पर पीएचसी (वर्तमान में सीएचसी) की स्थापना भी उनकी पहल से ही संभव हो पाई। उनकी सहज-सरल छवि तथा जनसेवा भाव ने उन्हें आम जनता का प्रिय एवं सर्वसुलभ नेता बना दिया।

Advertisement

वे अपने पीछे दो पुत्र—रमेश कुमार यादव और दिलीप कुमार यादव—सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु गांव लाने की तैयारी की जा रही है। अंतिम संस्कार पैतृक गांव में संपन्न होगा।

Advertisement

उनके निधन पर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री मो. अली अशरफ फातमी, दरभंगा के पूर्व महापौर ओम प्रकाश खेड़िया, समाजवादी नेता श्याम किशोर प्रसाद उर्फ दिलीप, राजद प्रदेश महासचिव उदयशंकर चौधरी, जदयू जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद चौधरी, वरिष्ठ राजद नेता रामवृक्ष राय, भोला झा, पंचायत प्रतिनिधि और कई अन्य नेताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने गहरी संवेदना जताई।

Advertisement

Share