
पोखर उड़ाहीकरण में हुए भ्रष्टाचार को लेकर माले कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन।
दरभंगा: बहादुरपुर के बिऊनी अंदामा पंचायत के बिरनियां पोखर उड़ाही में हुई भारी लूट के खिलाफ सीपीआईएम ने बिरनियां चौक पर प्रतिवाद मार्च निकाला। यह मार्च बिरनियां गांव के सामुदायिक भवन से शुरू होकर चौक तक गया, वहां सभा हुई।

अध्यक्षता रामसागर पासवान ने की। सभा में राज्य सचिव मंडल सदस्य श्याम भारती ने कहा, बहादुरपुर प्रखंड में 15वीं वित्त आयोग की योजनाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। योजनाओं में 40% तक अवैध वसूली की जा रही है। इससे काम की गुणवत्ता पर असर पड़ा है।

मनरेगा में भी कटौती हो रही है। मजदूरों से काम न लेकर मशीनों से काम कराया जा रहा है। श्याम भारती ने कहा, पार्टी लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रही है। पूरे राज्य में मनरेगा में लूट हो रही है। बहादुरपुर में यह चरम पर है। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

बहादुरपुर लोकल सचिव गणेश महतो ने कहा, प्रमुख भ्रष्टाचार में डूबे हैं। बिरनियां गांव के सहनी टोला स्थित पोखर उड़ाही योजना (संख्या 10/2021-22) में ₹10,91,000 की अवैध निकासी हुई है। इसमें तत्कालीन बीडीओ और प्रमुख की मिलीभगत है। लोक सूचना के तहत शिकायत के बाद यह खुलासा हुआ। सभा में प्रस्ताव पारित कर 20 मई को प्रखंड कार्यालय पर धरना देने की घोषणा की गई। प्रदर्शन करते माकपा कार्यकर्ता।


