
प्रधानमंत्री ने किया जीविका निधि सहकारी संघ का शुभारंभ।
दरभंगा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया। इस अवसर पर 105 करोड़ रुपये की राशि सीधे जीविका निधि में ट्रांसफर की गई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। अब जीविका दीदियों को सस्ती ब्याज दर पर आसानी से ऋण उपलब्ध होगा। पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आधारित होने से पारदर्शिता और त्वरितता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से सक्षम महिलाएं अपने परिवार, समाज और राज्य के विकास में अहम योगदान देंगी।

इस अवसर पर दरभंगा जिले में लहेरियासराय स्थित प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक जीविका दीदियों के साथ जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार लगातार जीविका दीदियों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है और यह सहकारी संघ महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाएगा।

राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने परिवार को भी रोजगार से जोड़ रही हैं। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने विस्तृत जानकारी दी कि यह आयोजन जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सभी 18 प्रखंडों और 69 संकुल स्तरीय संघों में भी कार्यक्रम हुए। कुल 433 स्थानों पर करीब एक लाख जीविका दीदियों और सामुदायिक सदस्यों ने भागीदारी की।

कार्यक्रम में विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा, महापौर अंजुम आरा, उप महापौर नाजिया हसन सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंच संचालन रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिल्टू ने किया और सुबीर झा ने वित्तीय समावेशन विषय पर जानकारी दी।

