
बहेड़ी के आदर्श महाविद्यालय को मिलेगा आधुनिक स्वरूप, विज्ञान- वाणिज्य की पढ़ाई जल्द शुरू।
दरभंगा: बहेड़ी प्रखंड स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से अंगीभूत बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय को आधुनिक शिक्षा मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उक्त जानकारी देते हुए स्थानीय विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी ने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए राज्य या देश के अन्य हिस्सों में पलायन नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लासरूम और तकनीकी संसाधनों से युक्त आधुनिक शिक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। इसके लिए सरकार द्वारा 33 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई है। विधायक चौधरी ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि कॉलेज की स्थापना के पांच दशक बाद भी यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, वाणिज्य और विज्ञान संकाय की पढ़ाई तक शुरू नहीं हो पाई थी। लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में अब यह महाविद्यालय व्यापक विकास की ओर अग्रसर है।

विधायक ने बताया कि विज्ञान संकाय के लिए भवन निर्माण एवं प्रयोगशाला हेतु 20 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है, जिसकी निविदा प्रक्रिया जारी है। वहीं, 50 से अधिक कंप्यूटरों से युक्त अत्याधुनिक लैब के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गई है। तीन स्मार्ट क्लासरूम बनाए जा रहे हैं, जिनमें बड़े स्क्रीन वाले एलईडी सिस्टम लगाए जाएंगे ताकि छात्रों को पढ़ाई में बेहतर अनुभव मिल सके।

उन्होंने कहा कि हाल ही में विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के लिए एक दर्जन से अधिक योग्य शिक्षकों की नियुक्ति भी की गई है। महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान विधायक ने सभी वर्ग कक्षों, कार्यालयों और प्रयोगशालाओं का जायजा लिया। उन्होंने प्राचार्य से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

विधायक ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि निजी ट्यूशन और कोचिंग कभी भी संस्थागत शिक्षा का विकल्प नहीं हो सकते। मौके पर प्राचार्य डॉ. लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल, डॉ. अशोक कुमार त्रिवेदी, युवा जदयू जिलाध्यक्ष राम शंकर सिंह, नवीन शंकर सिंह, मनोज कुमार चौधरी, गजेंद्र प्रसाद सिंह, राधारमण मंडल, संतोष साह, मनीष कुमार, अंकित झा, दुन्नीलाल मंडल, सुजीत कुमार सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

