
बहेड़ी थाना परिसर में शराब सेवन, चौकीदार निलंबित – होमगार्ड पर अनुशासनात्मक कार्रवाई।
दरभंगा: शराबबंदी लागू होने के बावजूद बहेड़ी थाना परिसर से पुलिस महकमे की बड़ी लापरवाही सामने आई है। थाना परिसर में शराब सेवन करते पकड़े जाने पर एक चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक गृहरक्षक (होमगार्ड) के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की गई है।

जानकारी के अनुसार, 8 अगस्त की रात करीब 10 बजे ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने थाना परिसर स्थित चौकीदार भवन से शोरगुल की आवाज सुनी। अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि चौकीदार विमलेश प्रसाद सिंह (निवासी-समधपुरा, थाना बहेड़ी) और गृहरक्षक गौरव कुमार (निवासी-घुड़दौड़, थाना तिलकेश्वर) नशे में हंगामा कर रहे थे।

दोनों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई। इसके बाद बहेड़ी थाने में कांड संख्या 341/25 दर्ज किया गया। मामला धारा-37, बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 (संशोधित 2022) और बिहार सरकारी सेवक आचरण नियमावली 1976 के तहत दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

घटना की जांच अंचल पुलिस निरीक्षक विजय कुमार यादव ने की। रिपोर्ट में दोनों को दोषी पाए जाने के बाद चौकीदार विमलेश प्रसाद सिंह को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। वहीं, गृहरक्षक गौरव कुमार के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी थाने के चौकीदार अवधेश पासवान और विजय पासवान का वर्दी में शराब पीते हुए वीडियो चार महीने पहले वायरल हुआ था। उस समय दोनों को निलंबित किया गया था, मगर करीब एक माह पूर्व उनकी बहाली कर दी गई थी।

