
बाइक लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ कर किया पुलिस के हवाले।
दरभंगा: जाले थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में बाइक लूटकर भाग रहे तीन बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। जाले निवासी अमरजीत पासवान के पुत्र सुजीत पासवान अपने बाइक से बीते बुधवार की शाम अपने मित्र के साथ मलिकपुर से अपने घर जाले लौट रहा था।

इसी क्रम में मलिकपुर गांव के सुनसान जगह पर पूर्व से घात लगाए तीनों बदमाशों ने अमरजीत की बाइक को रोक लिया एवं दोनों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम देकर उसकी बाइक को छीन कर भागने लगे।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने बाइक लुटेरे का पीछा कर तीनों बदमाशों को धर दबोचा एवं जाले पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने लूट में प्रयोग की गई बाइक समेत लूटी गई बाइक को जब्त करते हुए तीनों बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि तीनों बाइक लुटेरे की पहचान मलिकपुर निवासी कमोद कुमार, संजय कुमार व रौशन कुमार के रूप में हुई है।


