Home Featured बुलडोजर से पुष्पवर्षा और रुद्राभिषेक के मंत्रों से गूंजेगा उघड़ा, संजय झा के स्वागत की ऐतिहासिक तैयारी।

बुलडोजर से पुष्पवर्षा और रुद्राभिषेक के मंत्रों से गूंजेगा उघड़ा, संजय झा के स्वागत की ऐतिहासिक तैयारी।

दरभंगा: राज्यसभा सांसद एवं जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा के आगमन को लेकर उघड़ा पंचायत में अभूतपूर्व तैयारी की जा रही है। यह सिर्फ एक राजनीतिक दौरा नहीं, बल्कि जनभावनाओं और सांस्कृतिक परंपरा का संगम बनेगा। इस स्वागत को भव्यता देने में पंचायत के युवा समाजसेवी शिवशंकर झा उर्फ राजा की भूमिका केंद्र में है, जिनके नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो गया है।

Advertisement

शिवशंकर झा ने जानकारी दी कि संजय झा के कार्यक्रम से कुछ घंटे पूर्व ही कार्यक्रम स्थल पर ही वैदिक रीति से रुद्राभिषेक किया जाएगा। रुद्राभिषेक के माध्यम से भगवान शिव से संजय झा की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और जनसेवा में निरंतर सफलता की कामना की जाएगी। इस आयोजन में विद्वान पंडितों की टोली वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद से वातावरण को पवित्र करेगी।

Advertisement

सिर्फ आध्यात्मिक नहीं, बल्कि दृश्यात्मक भव्यता की भी तैयारी की गई है। शिवशंकर झा उर्फ राजा ने बताया कि सांसद संजय झा के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था के तहत बुलडोजर से पुष्पवर्षा की जाएगी, जो मिथिला में अब तक का एक अनूठा दृश्य होगा। इसके साथ ही बैंड-बाजा, शंखवादन और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ स्वागत यात्रा निकाली जाएगी, जिससे पूरा उघड़ा एक उत्सव स्थल में तब्दील हो जाएगा।

Advertisement

इस कार्यक्रम के दौरान पंचायत में करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा, जिसमें सड़क, बहुप्रतीक्षित +2 विदेह उच्च विद्यालय भवन, एवं  अन्य जनकल्याणकारी कार्य शामिल हैं।

Advertisement

शिवशंकर झा राजा ने कहा कि यह कार्यक्रम न सिर्फ विकास का उद्घोष होगा, बल्कि यह भी प्रमाणित करेगा कि जब संकल्प, संस्कृति और सेवा साथ चलते हैं, तो गांव की धरती पर इतिहास लिखा जाता है।

Advertisement
Share