
बेनीपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण को मिली हरी झंडी, 13 दिसंबर को होगा शिलान्यास।
दरभंगा: लंबे इंतजार के बाद बेनीपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। गुरुवार को स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने भवन निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं संवेदक की उपस्थिति में निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति प्रदान की।
बताया गया है कि भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास आगामी 13 दिसंबर को किया जाएगा, जिसके बाद कार्य औपचारिक रूप से प्रारंभ होगा।निर्माण विभाग ने परियोजना को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कुल 16.16 करोड़ रुपये की लागत से प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन सहित आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा।ऐतिहासिक दृष्टि से यह भवन लगभग छह दशक पुराना है। साठ के दशक में बने पुराने कार्यालय भवन में उस समय बीडीओ और सीओ का संयुक्त पद कार्यरत था। बाद में सत्तर के दशक में अंचल कार्यालय अलग कर राज दरभंगा स्थित तहसील परिसर में शिफ्ट किया गया, जो आज भी वहीं संचालित है।

समय के साथ पुराना भवन खंडहर में तब्दील हो गया था।विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वे भवन निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से विशेष आग्रह के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में इस परियोजना की स्वीकृति मिली। आचार संहिता के कारण कार्य में देरी हुई, लेकिन अब निर्माण की प्रक्रिया को पुनः गति मिल गई है।उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही नगर आवास विभाग के सम्राट अशोक भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में प्रशासनिक कार्य और सुचारू होंगे।


