
ब्राह्मण काउंसिल के बिहार अध्यक्ष बनने पर डॉ. प्रभाकर झा का हुआ स्वागत।
दरभंगा: ब्राह्मण काउंसिल ऑफ इंडिया के बिहार प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर डॉ. प्रभाकर झा का सहसराम गांव में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन पूर्व मुखिया वीरेंद्र चौधरी के आवास पर हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्धजन और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

समारोह में पूर्व बीस सूत्री कार्यक्रम अध्यक्ष कैलाश कुमार चौधरी, सोहन चौधरी, इंद्रमोहन चौधरी सहित दर्जनों बुद्धिजीवियों ने शिरकत की और डॉ. झा के संगठनात्मक अनुभव, शिक्षा के प्रति समर्पण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सजग दृष्टिकोण की सराहना की।

इस अवसर पर डॉ. प्रभाकर झा ने कहा, “यह पद मेरे लिए सम्मान से अधिक जिम्मेदारी है। मेरा प्रयास रहेगा कि ब्राह्मण समाज को जातिगत सीमाओं से ऊपर उठाकर शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रूप से संगठित किया जाए। समाज की एकता, आत्मसम्मान और समर्पण ही हमारी असली ताकत है।”

पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष कैलाश कुमार चौधरी ने कहा कि डॉ. झा जैसे शिक्षित, सक्रिय और दूरदर्शी व्यक्ति का नेतृत्व समाज को नई दिशा देगा और युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, शिक्षित नेतृत्व और संगठन के ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तार पर विशेष बल दिया गया।


