
भाई को साड़ी से बंधक बनाकर 10 लाख की चोरी।
दरभंगा: बिरौल थाना क्षेत्र के रूपनगर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर नकद 5 लाख रुपये, साढ़े चार लाख रुपये के आभूषण समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति लूटी। पीड़ित गृहस्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित ने बताया कि 14 जनवरी की शाम पत्नी व बच्चों संग मधुबनी ससुराल गए थे। 15 जनवरी सुबह भाई के फोन पर लौटे तो घर का मुख्य दरवाजा व गोदरेज लॉकर का ताला टूटा मिला। भाई राजीव झा के घर के दरवाजे-पिलर पर साड़ी बांध दी गई थी, ताकि वे बाहर न निकल सकें। गोदरेज से 5 लाख नकद, 4.5 लाख के जेवरात, जमीन के कागजात व अन्य दस्तावेज एक अटैची में रखे थे, जो चोरी हो गए। 500 मीटर दूर सुरेंद्र झा के खेत में खुली अटैची मिली, लेकिन कागजात गायब। महंगे कपड़े व साड़ियां भी लूटी गईं।

पीड़ित ने पड़ोसी महिनारायण झा से पुराने जमीन विवाद का हवाला देते हुए संदेह जताया। विवाद में धमकी मिल चुकी है। महिनारायण के बेटे संजीव झा के साले शिवम झा (सहसराम निवासी, रूपनगर में रहने वाला) पर मुख्य संदेह। घटना से पूर्व शिवम छत से रेकी करता व शिवनगर घाट दुकानों के आसपास घूमता देखा गया।
गोदाम टोला के ओमनाथ यादव उर्फ पोलया, राजा बाबू मिश्रा व माधव झा (सभी रूपनगर निवासी) पर भी चोरी में संलिप्तता का आरोप। दरवाजे की साड़ी संजीव के घर की बताई।थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पहुंची। कई बिंदुओं पर छानबीन जारी है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू। जल्द चोरी का खुलासा होने का भरोसा दिलाया।
