
भोज खाने गए युवक पर चली गोली, आरोपी गिरफ्तार।
दरभंगा: चनौर पंचायत के इंद्राथर गांव में सोमवार रात करीब आठ बजे एक सामाजिक भोज के दौरान कमलेश यादव को गोली मार दी गई। कमलेश, गांव के मुसाफिर यादव का बेटा है। वह भोज में शामिल था।

इसी दौरान 10 से 15 लोगों का एक ग्रुप वहां पहुंचा। उन्होंने अवैध रिवाल्वर से कमलेश को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली सिर को छीलते हुए निकल गई। गंभीर हादसा टल गया। घटना के बाद भोज में मौजूद लोगों ने हमलावरों को खदेड़ा। सभी भाग निकले।

इस दौरान मकरंदा गांव के दो युवकों को पकड़ लिया गया। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पंचायत के मुखिया मदन कुमार यादव ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की जानकारी नहीं है। पुलिस को बुलाकर आरोपियों को सौंप दिया गया है। मनीगाछी थानाध्यक्ष मृत्युंजय से संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष नहींं मिल पाया।


