
मंत्री जी करवाएंगे विधानसभा क्षेत्र की जनता की आंखों का ईलाज, सिनुआरा गांव से हुई शुरुआत।
देखिए वीडियो भी
दरभंगा: बहादुरपुर विधानसभा के जदयू विधायक सह समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी अब विधानसभा क्षेत्र की जनता के आंखों का इलाज करवाएंगे। इसके लिए हर गांव में कैम्प लगाया जाएगा। इसकी शुरुआत गुरुवार को विधानसभा क्षेत्र के सिनुआरा गांव से की गई।

दरअसल, अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के सौजन्य से सिनुआरा में मुफ्त नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जिसका उद्घाटन स्थानीय विधायक सह मंत्री मदन साहनी ने किया। इस शिविर में दर्जनो लोगों ने अपनी आंखों का जांच करवाया। साथ ही दवाइयां भी मुफ्त दी गयी। जिन लोगो को चश्मे की जरूरत थी, उन्हें चश्मा भी प्रदान किया गया। जिन लोगों को नहीं मिल पाया, उन्हें बाद में चश्मा बनवाकर वितरित किया जाएगा।

इस अवसर पर मंत्री श्री सहनी ने कहा कि यह एक अच्छी पहल है और नेत्र जांच शिविर वे विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों में लगवाएंगे ताकि जो भी जरूरतमंद लोग हैं, उनकी आंखों का ईलाज हो सके। उन्होंने बताया कि जांच के उपरांत दवा और चश्मे का वितरण किया जा रहा है। जिन्हें ऑपेरशन की जरूरत है, उनका ऑपेरशन भी किया जाएगा और यह सभी सुविधाएं निशुल्क मिलेगी। मंत्री श्री सहनी के इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी काफी सराहना की।

इस दौरान अभिषेक सहनी, सुमन सिंह, राजाराम, कन्हैया चौधरी, सीतेश झा, आशीष कुमार आदि मौजूद थे।

