
महिलाओं के सशक्तिकरण की नींव नीतीश कुमार ने रखी : मंत्री।
दरभंगा: बिहार राज्य आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका यूनियन की ओर से गुरुवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष श्वेता सुमन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी को सम्मानित किया गया।

मौके पर मंत्री मदन सहनी ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए विशेष है क्योंकि यह मेहनतकश आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाओं की ओर से दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सेविका-सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अभी दो हजार रुपये की ही बढ़ोतरी हुई है, मगर आगे और भी वृद्धि होगी।

मंत्री सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए नीतीश कुमार से पहले किसी भी सरकार ने इतना काम नहीं किया। आज महिलाएं शिक्षक, दरोगा, सिपाही, होमगार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं और बीपीएससी जैसी परीक्षाओं को उत्तीर्ण कर ऊंचे पदों पर पहुंच रही हैं।

उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग ने आशा, ममता, रसोइया और सेविका-सहायिकाओं के मानदेय में लगातार बढ़ोतरी की है। “आप मेहनत करिए, समय आने पर वेतन और बढ़ेगा। हम इस विभाग के मंत्री रहें या न रहें, आपकी चिंता हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी,” उन्होंने कहा।

मदन सहनी ने सेविकाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनके द्वारा किया जा रहा कार्य अमूल्य है और उसका वर्णन करना कठिन है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सेविकाओं पर कभी अनावश्यक जांच नहीं कराई गई है। समारोह में हड़ताल के दौरान चयनमुक्त हुई सेविकाओं को भी जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
मौके पर किसान नेता एवं सीपीआई जिला सचिव नारायणजी झा, कुमारी श्वेता सुमन, अमरकान्त लाल, अरुण कुमार कर्ण, नीलम भारती, शकुंतला कुमारी, नासरीन निगाह, हनीफा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

