Home Featured महिला का शव बरामद, गले-चेहरे पर धारदार हथियार के जख्म; 4 घंटे बाद हुई पहचान।

महिला का शव बरामद, गले-चेहरे पर धारदार हथियार के जख्म; 4 घंटे बाद हुई पहचान।

दरभंगा: जिले के मनीगाछी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के शरीर पर आधे कपड़े थे, जबकि चेहरे और गले पर धारदार हथियार से जख्म के निशान पाए गए। शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

Advertisement

सूचना मिलते ही मनीगाछी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डीएमसीएच भेज दिया।घटना की जानकारी मिलने के बाद मनीगाछी थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी आलोक और बेनीपुर डीएसपी वासुकीनाथ झा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उस समय तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी, क्योंकि आसपास मौजूद लोगों में से किसी ने महिला को पहचानने का दावा नहीं किया।पुलिस ने शिनाख्त के लिए महिला की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की और आसपास के थानों को भी भेजी।

Advertisement

करीब दोपहर 12 बजे, यानी शव मिलने के लगभग 4 घंटे बाद महिला की पहचान शुभकला देवी 25 के रूप में हुई। वह मधुबनी जिले के भैरवास्थान थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगंज निवासी उपेंद्र मुखिया की पत्नी बताई गई।

बताया गया कि शुभकला गुरुवार सुबह घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई तस्वीर देखकर किसी व्यक्ति ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान शुभकला के रूप में की। परिजनों के अनुसार, शुभकला के घर से घटनास्थल की दूरी करीब 10किलोमीटर है।

पहचान होने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम और टेक्निकल सेल को मौके पर बुलाकर जांच तेज कर दी।

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।डीएमसीएच में पोस्टमॉर्टम के दौरान मौजूद मृतका की सास गीता देवी ने बताया कि उनके इकलौते बेटे उपेंद्र मुखिया की शादी करीब दो साल पहले शुभकला से हुई थी। गीता देवी के मुताबिक, शुभकला दो महीने पहले ही मां बनी थी और उसने एक बेटी को जन्म दिया था। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम करीब 6 बजे वे अपने मायके झंझारपुर गई थीं और गुरुवार सुबह लौटने पर बहू घर में नहीं मिली। खोजबीन के दौरान ही उन्हें शव मिलने की जानकारी मिली।

गीता देवी ने यह भी बताया कि शुभकला का मोबाइल फोन गायब है। वहीं, थानाध्यक्ष ने कहा कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक मृतका के गले पर गहरे जख्म के निशान हैं। मोबाइल गायब होने के बिंदु पर भी जांच की जा रही है।लोकेशन ट्रेस करने के साथ कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।

Share