
मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत से गांव में तनाव, तीन आरोपी गिरफ्तार।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में बीते 3 सितंबर को हुए मारपीट कांड में घायल सूर्यनारायण यादव (50) ने इलाज के दौरान डीएमसीएच में दम तोड़ दिया। उनकी मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। वहीं मृतक का अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।

शराब कारोबार को लेकर था विवाद
मृतक के बेटे राधे कृष्णा यादव ने बताया कि गांव के कुछ युवकों से पिता का पुराना विवाद था। आरोपियों द्वारा अवैध शराब का कारोबार किया जाता था और मृतक इसका विरोध करते थे। इसी रंजिश को लेकर 3 सितंबर की रात गांव के ही कुछ युवकों ने साइकिल से जाते समय उन पर हमला कर दिया था। लोहे की रॉड और लाठियों से बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिसमें सिर पर गंभीर चोट लग गई थी। करीब 6 दिनों तक डीएमसीएच में इलाज के दौरान सूर्यनारायण जिंदगी और मौत से जूझते रहे और मंगलवार को उनका निधन हो गया।

परिजनों का आरोप – करीब 10 लोगों ने मिलकर पीटा
मृतक का साला लालटूना यादव ने भी आरोप लगाया कि करीब 10 लोगों ने मिलकर हमला किया था। उन्होंने कहा कि यह होली के समय से चली आ रही रंजिश का परिणाम है। साथ ही चेतावनी दी कि अगर दोषियों को सख्त सजा नहीं मिली और उन्हें जमानत दी गई तो परिजन भी मजबूरन कड़ा कदम उठाने को बाध्य होंगे।

प्राथमिकी दर्ज, तीन गिरफ्तार
घटना को लेकर 3 सितंबर को ही बहादुरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई थी। यह प्राथमिकी मृतक के बेटे राधे कृष्णा यादव के बयान पर दर्ज की गई थी। इसमें राम पासवान, भीम शाह, रोशन साहू, गणेश साहू, गुरु पासवान, विवेक पासवान और राहुल पासवान सहित अन्य को नामजद किया गया है। आवेदन में कहा गया है कि सभी आरोपियों ने लोहे की रॉड, बांस के फट्टे और लाठी-डंडों से बर्बरतापूर्वक हमला किया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है ताकि शांति-व्यवस्था बनी रहे।

