Home Featured मुखिया संघ भी उतरा मैदान में, जतिन गौतम प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग तेज।

मुखिया संघ भी उतरा मैदान में, जतिन गौतम प्रकरण में सीबीआई जांच की मांग तेज।

दरभंगा: जवाहर नवोदय विद्यालय पचाढ़ी में 12 वर्षीय छात्र जतिन गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। घटना को डेढ़ महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है। ठोस कार्रवाई न होने पर सोमवार को परिजनों और स्थानीय लोगों ने एक बार फिर आरोप लगाया कि जतिन की हत्या की गई थी। साथ ही उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी है।

Advertisement

जतिन की मां रूबी कुमारी केवटी पंचायत की मुखिया हैं, जबकि पिता संतोष कुमार साहू भाजपा के महामंत्री हैं। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रशासन की भूमिका संदेहास्पद है। 8 जुलाई को जतिन का शव विद्यालय परिसर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला था। परिजन का कहना है कि घटना से एक रात पहले उसने घर फोन कर मिलने की इच्छा जताई थी। इसके बावजूद 9 जुलाई की सुबह वह न तो स्कूल की असेंबली में गया और न ही मेस में नाश्ते के लिए पहुंचा। इससे साफ है कि देर रात ही उसकी मौत हो चुकी थी।

Advertisement

11 अगस्त से परिजन और हजारों ग्रामीणों ने केवटी प्रखंड मुख्यालय पर धरना शुरू किया था। 14 अगस्त को एसडीएम विकास कुमार के आश्वासन के बाद आंदोलन फिलहाल स्थगित किया गया। अधिकारियों ने सीबीआई जांच की अनुशंसा करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था।

Advertisement

लेकिन सोमवार को परिजन, पंचायत प्रतिनिधि और जिला मुखिया संघ के पदाधिकारी जिलाधिकारी व एसपी से मिले। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच और गिरफ्तारी नहीं हुई तो 1 सितंबर से जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन फिर से शुरू किया जाएगा।

Advertisement

मामले को लेकर स्थानीय विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने विधानसभा में मुद्दा उठाया है, वहीं दरभंगा सांसद गोपालजी ठाकुर और मधुबनी सांसद डॉ. अशोक कुमार यादव गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग कर चुके हैं।

प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष इफ्तखार अहमद ने कहा कि 15 दिनों में सीबीआई जांच की अनुशंसा की बात कही गई थी, लेकिन अगर देरी हुई तो जिला स्तर पर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।

जतिन के पिता संतोष कुमार साहू ने रोते हुए कहा, “मेरे बेटे की हत्या हुई है। डेढ़ महीना हो गया, लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। हमें न्याय चाहिए और दोषियों को कठोर सजा मिले।”

धरना-प्रदर्शन के दौरान हजारों लोगों ने जिला प्रशासन का पुतला दहन किया और पंचायत प्रतिनिधियों ने सरकारी कार्यक्रमों के बहिष्कार की भी चेतावनी दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन लगातार आश्वासन देकर उन्हें ठगता रहा है। हालांकि जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।

Share