
मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद।
दरभंगा: मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र के राघोपुर खेल मैदान में शुक्रवार को होने वाले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संवाद कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर हाईटेक टेंट में एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

वहीं, कार्यक्रम का संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए चार सौ से अधिक मीडिया कर्मियों के बैठने की अलग व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने और इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया है।

गुरुवार को जिलाधिकारी और एसएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा की समीक्षा की और अधीनस्थ अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दिन के करीब एक बजे नेहरा पूर्वी पंचायत में बने हेलीपैड पर उतरेगा। वहां से वे सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर आएंगे।

पूरे मार्ग में सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग की गई है। बैरिकेड के किनारे मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए लोग खड़े रहेंगे।सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए एक हजार से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस बीच बीडीओ दुनिया लाल यादव अपने कर्मियों व मजदूरों के साथ कार्यक्रम स्थल की सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी में जुटे रहे।कार्यक्रम स्थल में प्रवेश के लिए तीन मार्ग तय किए गए हैं। इनमें एक मार्ग वीआईपी अतिथियों के लिए रखा गया है जबकि अन्य दो मार्गों से कार्यकर्ताओं और आम जन का प्रवेश होगा।


