
मेला की भीड़ ने निगल ली मां-बेटी, 9 दिनों से लापता; परिवार की पुकार।
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के रघवा गांव से एक मां-बेटी के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 5 अक्टूबर को मां अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ मेला देखने निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों की काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

लापता महिलाओं की पहचान रानी देवी (21 वर्ष) और उनकी बेटी रुचिता कुमारी (2 वर्ष) के रूप में हुई है। रानी देवी अपने पति विपिन कुमार और बेटी के साथ मायके रघवा गांव में रुकी हुई थीं। उस दिन वह अपनी दो सहेलियों आंचल कुमारी और किरण देवी के साथ मेला घूमने गई थीं। मेला स्थल पर भारी भीड़ के बीच रानी देवी और किरण देवी एक-दूसरे से बिछड़ गईं।

किरण देवी ने बताया, “भीड़ में रानी नजरों से ओझल हो गईं। मैंने बहुत खोजा, लेकिन वह और उनकी बेटी कहीं नहीं मिलीं।”रानी देवी के पति विपिन कुमार ने कहा कि उन्होंने पत्नी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ था।

मेला परिसर और आसपास के इलाकों में व्यापक तलाश की गई, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। रिश्तेदारों को भी सूचना दी गई, मगर वहां से भी कोई क्लू नहीं मिला। विपिन ने बताया कि पूरा परिवार रानी और रुचिता की सकुशल वापसी की प्रार्थना कर रहा है।

सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण की तहकीकात कर रही है और जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि रानी देवी (21 वर्ष) या उनकी दो वर्षीय बेटी रुचिता कुमारी के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत सिंहवाड़ा थाना या पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।

