
यादों में ज़िंदा रहेंगे पत्रकार मोहन चंद्रवंशी और रविकांत ठाकुर (नंदू जी)।
दरभंगा: दरभंगा की पत्रकारिता जगत ने सोमवार को अपने दो प्रिय सहयोगियों—दिवंगत पत्रकार मोहन चंद्रवंशी और रविकांत ठाकुर (नंदू जी)—को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की। दरभंगा प्रेस क्लब में आयोजित इस स्मृति सभा में जिले और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया, जहां भावुक माहौल में इन सितारों की सादगी, समर्पण और योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कौशल किशोर कर्ण ने की, जबकि संचालन राकेश कुमार झा ने किया। सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई, जिसके बाद वक्ताओं ने दिवंगत पत्रकारों के व्यक्तित्व और पत्रकारिता के प्रति उनकी निष्ठा पर संस्मरण साझा किए।

पूरा सभागार भावुकता से सराबोर रहा, जहां हर चेहरे पर सम्मान और गर्व की भावना झलक रही थी।जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद ने श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा, “मोहन चंद्रवंशी जी हमेशा सकारात्मक ऊर्जा के स्रोत थे। उनका सौम्य स्वभाव और सरल व्यक्तित्व सभी को प्रेरित करता था।” वरिष्ठ पत्रकार संजय मिश्र ने भावुक होकर बताया, “मोहन जी का जाना व्यक्तिगत और पेशेवर दोनों स्तरों पर अपूरणीय क्षति है। उनकी सोच साफ, लेखन प्रभावशाली और व्यक्तित्व अत्यंत विनम्र था।

“वरिष्ठ पत्रकार आफताब हुसैन जिलानी ने कहा, “मोहन जी पुराने मूल्यों वाले, संवेदनशील और अनुभवी पत्रकार थे, जो जटिल विषयों को सरलता से प्रस्तुत करते थे। उनका निधन पत्रकारिता के लिए गहन शोक है।” वहीं, वरिष्ठ पत्रकार अब्दुल कलाम ‘गुड्डू’, राजकुमार रंजन, नवेंदु शेखर पाठक और अभिषेक कुमार ने अपने संस्मरणों में मोहन चंद्रवंशी को समर्पित और सच्चे पत्रकार के रूप में याद किया, जिन्होंने इस पेशे को मिशन की तरह जिया।सभा में रविकांत ठाकुर (नंदू जी) की सादगी और मुस्कान को भी सभी ने याद किया।

उपस्थित प्रमुख पत्रकारों में अमर कुमार मिश्रा, इम्तियाज अहमद, गौरव झा, रमन कुमार चौधरी, पप्पू सिंह, जीएम फिरोज, मो जाहिद अनवर, नीरज कुमार राय, विनय ठाकुर, अफजल खान, अशोक लाल देव, सोनू झा, फैज अकरम, जुनेद आलम, मो अब्दुल कलाम (गुड्डू राज), मनोज झा, अजीत कुमार सिंह, प्रिंस राज, सूरज कुमार, गिरीश कुमार, मन्नू कुमार, चंद्रजीत कुमार, शहाबुद्दीन, मुशर्रफ अहमद, विनोद कुमार शर्मा, लालबाबू अंसारी, वीरू पासवान, विक्की, अमित कुमार, ग्रीस कुमार, वरुण ठाकुर, चंद्रप्रकाश कर्ण ‘टिंकू’ और नफीस करीम आदि शामिल थे।
सभा के समापन पर सर्वसम्मति से कहा गया कि मोहन चंद्रवंशी और रविकांत ठाकुर (नंदू जी) की सादगी, उनकी लेखनी और मुस्कुराहट हमेशा दरभंगा की पत्रकारिता को प्रेरणा देती रहेगी। उनका निधन इस क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।

