
युवक का संदिग्ध हालत में शव बरामद, परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप।
दरभंगा: नगर निगम क्षेत्र के अलीनगर मौलागंज वार्ड संख्या-1 के 20 वर्षीय साजन कुमार का शव उसके घर के पास संदिग्ध अवस्था में मिला। पांच भाइयों में सबसे छोटे साजन टेंट व डीजे का काम करते थे।पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर एफएसएल टीम बुलाने का निर्देश दिया। मृतक के भाई सुमन कुमार ने बताया कि रात में साजन से कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हुआ। सुबह घर के पास उनका शव पड़ा मिला। उन्होंने पुराने जमीन विवाद से जुड़े लोगों पर शक जताया।

दूसरे भाई राजन कुमार के अनुसार, साजन रात करीब आठ बजे खाना खाकर घर से निकले थे। सुबह उनकी मौत की सूचना मिली। शव पर गंभीर चोटें हैं। परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी व निष्पक्ष जांच की मांग की।

एसडीपीओ ने बताया कि चेहरे व आंख के पास गंभीर चोटें हैं। प्रथम दृष्टया गिरने से चोट लगने की संभावना है, लेकिन परिजन हत्या का शक कर रहे हैं। मोबाइल सहित साक्ष्यों की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। परिजनों के आवेदन पर आगे कार्रवाई होगी।

