
राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को हरी झंडी, जागरूकता अभियान शुरू।
दरभंगा: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्र ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार रथ को न्यायालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
13 दिसंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रचार रथ रवाना किया गया। अध्यक्ष ने कहा कि लोक अदालत में विवादों का निपटारा ‘जीत-जीत’ की स्थिति में होता है, जहां किसी पक्ष की हार नहीं होती। यहां के फैसले सिविल न्यायालय के समकक्ष होते हैं, जो अंतिम और बाध्यकारी हैं। इनके खिलाफ अपील का कोई प्रावधान नहीं है। साथ ही, जमा कोर्ट फीस वापस मिल जाती है और पारिवारिक-सामाजिक शांति बनी रहती है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती कुमारी ने उम्मीद जताई कि इस आयोजन में लोग बंपर भागीदारी करेंगे और हजारों को लाभ मिलेगा। मौके पर विशेष न्यायाधीश पोस्को प्रोतिमा परिहार, विशेष न्यायाधीश उत्पाद रविशंकर कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, पैनल अधिवक्ता व पीएलवी उपस्थित थे।


