Home Featured रुपया मांगने व अभद्र व्यवहार के आरोप में एएसआई निलंबित।
Featured - क्राइम - मुख्य - September 2, 2025

रुपया मांगने व अभद्र व्यवहार के आरोप में एएसआई निलंबित।

दरभंगा: कोतवाली थाना में पदस्थापित एएसआई ललन कुमार को एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी जलरेड्डी ने निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया है। यह कार्रवाई पुलिस सर्किल इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

Advertisement

एसएसपी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच कराई गई थी। जांच में यह तथ्य सामने आया कि एएसआई ने फरियादी से बाइक चोरी का मामला दर्ज करने के एवज में दो हजार रुपये और सनहा दर्ज करने के लिए 500 रुपये की मांग की थी। इसी दौरान फरियादी के सहयोगी ने वीडियो बनाना शुरू किया। इसकी भनक लगने पर पुलिसकर्मी ने मोबाइल छीनकर वीडियो व फोटो डिलीट करवा दिए तथा मारपीट कर मोबाइल भी कुछ देर के लिए अपने कब्जे में ले लिया।

Advertisement

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एएसआई को तत्काल निलंबित कर दिया। ज्ञात हो कि कोतवाली थाना क्षेत्र के भटियारी सराय में कोचिंग संचालक संजय कुमार की बाइक चोरी हो गई थी। शिकायत दर्ज कराने वह अपने सहयोगी दिलखुश कुमार के साथ थाना पहुंचे थे, जहां यह पूरा वाकया हुआ।

Advertisement

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में कई थानों व डीएसपी कार्यालयों में पुलिसकर्मी वर्दी के बजाय सादे लिबास में कार्य करते देखे जा रहे हैं। जबकि एसएसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान वर्दी में रहने का सख्त निर्देश दे रखा है। बावजूद इसके आदेश की अनदेखी की जा रही है।

Advertisement

Share