
रेलवे सुरक्षा बल ने चलाया जनजागरूकता अभियान।
दरभंगा: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 1 सितंबर को व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास रहने वाले ग्रामीणों और यात्रियों को सुरक्षा नियमों के बारे में जानकारी दी गई।

अभियान के तहत दरभंगा पोस्ट और झंझारपुर आउटपोस्ट की टीम ने झंझारपुर–निर्मली रेलखंड पर तिलयुगा नदी के समीप वार्ड संख्या-12 में ग्रामीणों और बच्चों से बातचीत की। उन्हें रेलवे ट्रैक पार न करने, पत्थरबाजी से बचने और रेलवे उपकरणों से छेड़छाड़ न करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही, बच्चों को इन खतरनाक गतिविधियों से दूर रखने की अपील की गई।

वहीं, हायाघाट स्टेशन पर उपनिरीक्षक और पुलिस कर्मियों ने यात्रियों व स्थानीय लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ट्रेनों पर पत्थर फेंकना, बिना टिकट यात्रा करना और चलती ट्रेन की चेन खींचना दंडनीय अपराध है। साथ ही, लोगों से आग्रह किया गया कि यदि कोई संदिग्ध वस्तु दिखे तो तुरंत स्टेशन मास्टर, जीआरपी या आरपीएफ को सूचना दें।

अभियान के दौरान जनता को रेलवे अधिनियम की धारा 152 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। इस धारा के तहत ट्रेन पर पत्थर फेंकने वाले को 10 साल तक की कैद या जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। यह अपराध यात्रियों की जान को खतरे में डालता है और रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है।

आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल सुरक्षा के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाना और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।

