
रेलवे स्टेशन के नजदीक तालाब में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका।
दरभंगा: शहर के बीचों-बीच दरभंगा रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हराही पोखर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिला। शव दिखते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

बड़ी संख्या में लोग तालाब के पास जमा हो गए। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकाला। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

तालाब किनारे से एक बैग मिला है। बैग में कुछ कागजात और नगद रुपए भी मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहचान के लिए शव को सुरक्षित रखा गया है। युवक की उम्र करीब 24 साल लग रही है। युवक ने जीन्स, टीशर्ट और जूता-मौजा पहन रखा है।

मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी आरके दत्ता ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया है। उन्होंने कहा कि शहर के बीचों-बीच इस तरह की घटना होना बेहद चिंताजनक है। दरभंगा में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं।
प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

