Home Featured विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने किया 1971 के पराक्रम को याद।
Featured - मुख्य - December 16, 2025

विजय दिवस पर पूर्व सैनिकों ने किया 1971 के पराक्रम को याद।

दरभंगा:  अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के बैनर तले मंगलवार को रतनपुर स्थित शहीद स्मारक स्थल पर विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नायब सूबेदार रामदयाल ठाकुर ने की। समारोह की शुरुआत 1942 की अगस्त क्रांति के शहीद प्रदीप शर्मा और शहीद मोहम्मद बिलट दर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण से हुई।

Advertisement

समारोह को संबोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि 16 दिसंबर को भारत की पाकिस्तान पर ऐतिहासिक विजय की स्मृति में विजय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1971 में 3 दिसंबर से 16 दिसंबर तक चले इस युद्ध में भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 93 हजार सैनिकों को आत्मसमर्पण करने पर मजबूर कर दिया था, जो विश्व इतिहास की अभूतपूर्व घटना है। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान ने बांग्लादेश के निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाई। उन्होंने कांग्रेस सरकार की उस नीति पर भी सवाल उठाया, जिसके तहत युद्धबंदी पाक सैनिकों को रिहा कर दिया गया, लेकिन 54 भारतीय सैनिकों की वापसी आज तक नहीं हो पाई।

भूतपूर्व सैनिक सुरेश ठाकुर ने कहा कि इस युद्ध ने पूरे विश्व को भारतीय सैनिकों की वीरता का परिचय कराया।समारोह में युद्ध में एक पैर गंवाने वाले रतनपुर के वीर सैनिक शिवाजी ठाकुर को भी श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर सूबेदार मेजर शंभुशरण चौबे, हवलदार प्रेम कुमार झा, वैद्यनाथ ठाकुर, कृष्ण बिहारी ठाकुर, योगेंद्र पासवान, उपेंद्र ठाकुर, आश नारायण ठाकुर, दिनेश ठाकुर, मनोज ठाकुर और राकेश ठाकुर सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन परिषद के मीडिया प्रभारी नायक दिनेश ठाकुर ने किया।

Share