
शांति के लिए जनता, कार्रवाई के लिए पुलिस”: मनीगाछी जन संवाद में ग्रामीण एसपी ने सुनीं शिकायतें।
दरभंगा: मनीगाछी स्थानीय थाना परिसर में मंगलवार को आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में ग्रामीण एसपी आलोक कुमार ने लोगों को त्वरित व निष्पक्ष न्याय का भरोसा दिलाते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और परस्पर सहयोग की अपील की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम लोगों से सीधे संवाद कर समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीण एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निपटारा पुलिस की पहली प्राथमिकता हो। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अमन-चैन और शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए स्थानीय लोगों का सहयोग जरूरी है, बिना जनसहयोग के प्रशासन प्रभावी व्यवस्था लागू नहीं कर सकता।
जन संवाद के दौरान बघांत के पूर्व मुखिया इन्द्रकांत झा ‘लाल’ ने बघांत में बढ़ती चोरी की घटनाओं और देशी शराब बनाकर खुलेआम बिक्री कराने में स्थानीय चौकीदार की संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाया।
ग्रामीण एसपी ने आरोप को गंभीरता से लेते हुए चौकीदार महावीर पासवान को सख्त चेतावनी दी कि इस तरह की शिकायत दोबारा संज्ञान में आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अजय कुमार राम ने बघांत के चौकीदार ललन यादव द्वारा लंबे समय से थाना में मुंशी का काम करने की शिकायत उठाई। इस पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण एसपी ने चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा थाना में मुंशी का कार्य करते पाए गए तो उन्हें निलंबित कर दिया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार कामती ने बघांत गांव में बढ़ते अपराध और विद्यालय की छात्राओं के साथ कुछ मनचलों द्वारा अश्लील हरकत किए जाने की जानकारी दी। इसे गंभीर मानते हुए ग्रामीण एसपी ने महिला पुलिस की तैनाती और गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया।
अपराध समीक्षा में ग्रामीण एसपी ने बघांत-विशौल सड़क, चनौर पेट्रोल पंप क्षेत्र तथा चकचिंतामणीपुर से चक्का सड़क के बीच के इलाके को राहजनी और शराब बिक्री का प्रमुख “हॉटस्पॉट” बताते हुए लगातार गश्ती करने और अपराध पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शराब और नशा सामाजिक बुराई है, इसे रोकने के लिए समाज के प्रबुद्ध वर्ग को आगे आकर पुलिस प्रशासन का सहयोग करना चाहिए।
जन संवाद में जदयू जिला उपाध्यक्ष मुरारी मोहन मिश्र, जदयू प्रखंड अध्यक्ष संतोष सिंह, राघोपुर पूर्वी पंचायत के मुखिया रजी आलम, सुमन कुमार झा, इन्द्रकांत झा ‘लाल’ सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

