
संदिग्ध हालात में दो बच्चों की मां की मौत, जीजा पर गला दबाकर हत्या का आरोप।
दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के बड़की लाधा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में दो बच्चों की मां अंजिला देवी (रविशंकर कुमार साहू पत्नी) की मौत हो गई। मृतका के भाई दिनेश कुमार साहू ने जीजा पर दहेज प्रताड़ना कर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया।

सदर थाना गोपालपुर निवासी दिनेश ने बताया कि बहन की शादी 2019 में रविशंकर से हुई थी। दहेज के लोभ में लगातार मारपीट होती थी। हाल में मजबूरी में बाइक भी दे दी गई। जीजा का किसी दूसरी महिला से चक्कर भी चल रहा था। शनिवार दोपहर 3 बजे सूचना मिली कि छत से गिरने से मौत हो गई।ससुराल पहुंचे तो पलंग पर शव मिला। ग्रामीणों ने फंदे से लटकना व अन्य कारण बताए, लेकिन कुछ स्पष्ट नहीं। दिनेश ने दावा किया कि गला दबाकर हत्या की गई।

कमतौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मायके पक्ष के आवेदन पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। रविशंकर को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में दरभंगा भेजा। शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया है। रिपोर्ट से मौत का राज खुलेगा। पुलिस जांच में जुटी है।

