
सकरी-हसनपुर रेलखंड पर बैगनी हॉल्ट का लोकार्पण, सांसद ने कहा- क्षेत्रवासियों के लिए साबित होगा वरदान।
दरभंगा: सकरी-हसनपुर रेलखंड पर बहुप्रतीक्षित बैगनी हॉल्ट का रविवार को लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर दरभंगा के सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डॉ. गोपालजी ठाकुर ने हॉल्ट से ट्रेनों के विधिवत ठहराव की शुरुआत की। सांसद डॉ. ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता में मिथिला और खासकर दरभंगा का सर्वांगीण विकास है। रेलवे कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्य इसी बात का प्रमाण हैं।

डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में मिथिला को रेलवे हब बनाने की दिशा में ठोस पहल की जा रही है। बैगनी हॉल्ट का निर्माण और ट्रेनों का यहां ठहराव इसी पहल का जीवंत उदाहरण है।

कार्यक्रम में सांसद डॉ. ठाकुर के साथ बेनीपुर विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी, समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम विनय श्रीवास्तव, भाजपा पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय पासवान, महामंत्री संजय कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष निभा देवी, जिला पार्षद अमरनाथ शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी मौजूद थे।

लोकार्पण के अवसर पर बैगनी गांव पहुंचने पर सांसद का भव्य स्वागत किया गया। मुखिया चंदन झा के नेतृत्व में हजारों की संख्या में जुटे ग्रामीणों, महिलाओं और युवा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर एवं मखान माला, पाग-अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष रजनीश सुंदरम ने की। इस दौरान डॉ. ठाकुर ने बताया कि बैगनी हॉल्ट की मांग लंबे समय से की जा रही थी। दो दर्जन पंचायतों के सैकड़ों जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पत्र और मुलाकात के जरिए यह मांग रखी थी, जिसे उन्होंने कई बार लोकसभा में भी उठाया।

विधायक डॉ. विनय कुमार चौधरी ने बैगनी हॉल्ट को बेनीपुर विधानसभा के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए इसके लिए सांसद डॉ. ठाकुर का आभार प्रकट किया।

