
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बरकरार: पांच वर्षों से कार्रवाई ठप, अब डीएम से लगाई गुहार।
दरभंगा: बेनीपुर अनुमंडल मुख्यालय से सटे नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग वर्षों से जारी है, लेकिन प्रशासनिक उदासीनता के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब आक्रोशित आमलोगों ने जिलाधिकारी दरभंगा को आवेदन सौंपकर जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है।

मामला नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 स्थित बहेरा त्रिमुहानी के पास सुमन रेडीमेड के सामने की सरकारी भूमि से जुड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे वर्ष 2020 से लगातार इस जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग कर रहे हैं। उस समय अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने तत्कालीन अंचलाधिकारी को समुचित कार्रवाई करने का आदेश दिया था, लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी बेनीपुर से भी लिखित शिकायत की, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। अंततः अब लोगों ने जिलाधिकारी दरभंगा को आवेदन देकर हस्तक्षेप की अपील की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा बरती जा रही ढिलाई के पीछे मिलीभगत की आशंका है। उनका आरोप है कि नगर परिषद और अनुमंडल कार्यालय के कुछ कर्मी विपक्षी लोगों को बचाने में सहयोग कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया गया, तो आने वाले चुनाव में वोट बहिष्कार किया जाएगा और आवश्यक होने पर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।
बेनीपुर में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा वर्षों से अधर में लटका है और अब यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने में इतनी शिथिलता क्यों बरत रहा है।

