
सरकार के खिलाफ लिपिकों का मोर्चा, दस सूत्री मांगों पर अड़े कर्मी।
दरभंगा: दस सूत्री मांगों की पूर्ति को लेकर जिले के प्रखंड, अंचल, अनुमंडल और समाहरणालय स्तर पर लिपिकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को 25वें दिन भी जारी रही। संघ के जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार के नेतृत्व में लिपिक लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

जिला संयोजक धनंजय कुमार ने कहा कि सरकार दंडात्मक कार्रवाई कर आंदोलन को तोड़ने का प्रयास कर रही है, लेकिन लिपिक इससे डरने वाले नहीं हैं। जब तक उनकी जायज मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कर्मियों से चट्टानी एकता बनाए रखते हुए सरकार की दमनकारी नीति का विरोध करने की अपील की।

धरना स्थल पर मुख्य संरक्षक अनिता, जिला अध्यक्ष सुरेश मंडल, प्रमोद यादव, मनोज कुमार, अमित रंजन, कफील अहमद, चंदन कुमार, तुलसी कुमारी, मीनू कुमारी सहित बड़ी संख्या में कर्मी मौजूद थे।


